Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

गदरपुर। मजार पर जाने की बात कहकर घर से निकले एक युवक का शव पिपलिया जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

    सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक पिछले करीब दस वर्षों से अस्वस्थ था और नियमित रूप से दवाइयां ले रहा था। वार्ड नंबर 3 निवासी बिलाल पुत्र छोटे गुरुवार सुबह करीब नौ बजे घर से मजार जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों ने उसे जंगल की ओर जाने से मना किया, लेकिन वह पिपलिया जंगल की तरफ चला गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रात करीब 12 बजे तक परिजन जंगल और आसपास के क्षेत्रों में उसे खोजते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह परिजन दोबारा उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े नौ बजे बाबू नाम के व्यक्ति ने जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बिलाल के रूप में की।

    सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा और उपनिरीक्षक संजय बोरा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। जांच में पता चला कि घटनास्थल रामपुर जनपद की सीमा में आता है। इसके बाद मिलक खानम चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!