


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर। विकास खण्ड सभागार में गुरुवार को प्रमुख क्षेत्र पंचायत गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के कार्यों की शिकायतों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को आमंत्रित किया गया था।
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए गए। ग्राम प्रधान गीता देवी, ग्राम प्रधान चन्दननगर, प्रधान संघ अध्यक्षा मीना संजय चौधरी, ग्राम पंचायत सकैनिया, ग्राम प्रधान गुमचैया, ग्राम प्रधान बरीराई तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य बरीराई द्वितीय ने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यों की खराब गुणवत्ता एवं जनता के आक्रोश की जानकारी अधिकारियों को दी।
इस पर प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर एवं प्रदेश महामंत्री गुंजन सुखीजा ने अधिशासी अभियंता जल निगम ऊधमसिंह नगर सहित संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए 20 दिवस के भीतर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वच्छता संबंधी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी व्यापक चर्चा की गई। समस्त ग्राम पंचायतों को उच्चतम न्यायालय द्वारा सिविल अपील संख्या 6174/2023 में पारित आदेश की प्रति उपलब्ध कराते हुए निर्देशित किया गया कि तीन दिवस के भीतर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करें।
कार्यक्रम का संचालन खण्ड विकास अधिकारी हेम चन्द्र काण्डपाल ने किया। इस दौरान प्रभारी सहायक विकास अधिकारी पंचायत जसवीर सिंह, सहायक खण्ड विकास अधिकारी कुन्दन सिंह बिष्ट सहित अनेक ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
