यूसीमास राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के मेधावियों से मिले सीएम धामी, कार्तिकेय और युग सिंह को दी बधाई
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर खटीमा, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड एवं अपने निजी आवास पर पहुंचे आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री के निजी आवास पर महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के दो मेधावी विद्यार्थियों ने भी मुलाकात की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कार्तिकेय सिंह तोमर तथा थर्ड रनर-अप रहे युग सिंह तोमर से मुख्यमंत्री ने बातचीत कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही और शिकायतों का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, हिमांशु बिष्ट, सूरज धामी, रनदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, यूसीमास उत्तराखंड के स्टेट ओनर्स धर्मेंद्र कुमार एवं ममता तोमर सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









