विधायक शिव अरोरा ने खाद्य मंत्री रेखा आर्य से की मुलाकात, 40 से 50 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में एक दुकान होने से राशन वितरण में आ रही परेशानी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 7037260222)

गदरपुर खबररुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों की संख्या बढ़ाने और लंबे समय से रिक्त पड़ी दुकानों को शीघ्र खुलवाने की मांग को लेकर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश की खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्य से मुलाकात की। विधायक ने खाद्य मंत्री को लिखित पत्र सौंपकर क्षेत्र की घनी आबादी और राशन वितरण में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। खाद्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
40 से 50 हजार की आबादी, राशन वितरण में परेशानी
विधायक शिव अरोरा ने पत्र में उल्लेख किया कि ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर क्षेत्र में लगभग 40 से 50 हजार लोग निवास करते हैं। इतनी बड़ी आबादी के बावजूद सरकारी राशन की दुकानों की संख्या पर्याप्त नहीं होने के कारण पात्र लाभार्थियों को राशन प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी, ऊधम सिंह नगर के पत्र संख्या 1441/जिपूअ/दु3अनु0/2022-23, दिनांक 22 दिसंबर 2022 के क्रम में शहरी क्षेत्रों की रिक्त सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों की सूची का हवाला देते हुए इन्हें शीघ्र भरने की मांग उठाई।
दैनिक मजदूरी करने वाले परिवारों को हो रही परेशानी
विधायक ने खाद्य मंत्री को बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं और दैनिक मजदूरी के माध्यम से अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। राशन डिपो की कमी के चलते लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ता है। कई बार राशन लेने के लिए उन्हें अपना काम छोड़ना पड़ता है, जिससे उनकी दैनिक मजदूरी भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आबादी और वार्डों की आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों का संचालन जनहित में अत्यंत आवश्यक है। इससे राशन वितरण व्यवस्था सुचारु होगी और पात्र लाभार्थियों को समय पर राशन मिल सकेगा।
खाद्य मंत्री ने खाद्य सचिव को दिए कार्रवाई के निर्देश
विधायक शिव अरोरा ने खाद्य मंत्री रेखा आर्य से आग्रह किया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में लंबे समय से रिक्त पड़ी सरकारी सस्ता गल्ला दुकानों को शीघ्र खुलवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए।
वहीं, विधायक द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दे पर खाद्य मंत्री रेखा आर्य ने पत्र को खाद्य सचिव को मार्क करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विधायक शिव अरोरा ने विश्वास जताया कि विभागीय स्तर पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के हजारों परिवारों को राशन वितरण की समस्या से राहत मिलेगी।










