अनाधिकृत कट खोलने और डिवाइडर तोड़ने वालों पर होगी एफआईआर, बिना हेलमेट पेट्रोल देने वाले पंप संचालकों पर भी कार्रवाई
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर रुद्रपुर, 22 अक्टूबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने जिला सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए संबंधित अधिकारियों को ओवरलोडिंग पर नियंत्रण लगाने, भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों पर बने अनाधिकृत कटों का निरीक्षण कर उन्हें बंद कराया जाए। बंद किए गए कटों को अवैध रूप से दोबारा खोलने और डिवाइडर तोड़ने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं को चिह्नित करने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्गों पर मिलने वाली सड़कों के आसपास आवश्यकतानुसार स्पीड साइन बोर्ड लगाने तथा गति नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों की सख्ती से जांच की जाए। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए और ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई पेट्रोल पंप बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों में जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
ई-रिक्शा के सत्यापन और निराश्रित पशुओं पर भी जोर
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़कों पर अत्यधिक ई-रिक्शा संचालन के कारण जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए अनधिकृत ई-रिक्शा का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं, सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निकाय अधिकारियों को पशुओं को आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने तथा उनके गले में रिफ्लेक्टर पट्टी लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े विभागों, एआरटीओ और पुलिस अधिकारियों को सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचने तथा दुर्घटनाओं का शीघ्र विश्लेषण कर रिपोर्ट भेजने को कहा, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, सीओ वैभव सैनी, एआरटीओ संदीप वर्मा, मोहित कोठारी, नवीन सिंह, एनएचएआई के सोनू गुप्ता और मोहित कुशवाहा, एसीएमओ डॉ. हरीश पाण्डे तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी कुलदीप सिंह बिष्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
खबर को अधिक से अधिक लाइक करें शेयर करें और फॉलो करें
https://www.facebook.com/profile.php?id=61552655738184








