विधायक शिव अरोरा बोले—निवेश बढ़ेगा, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित
35 से अधिक औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि हुए शामिल, उद्योग और सरकार के बीच मजबूत होगा समन्वय
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की दिशा में रुद्रपुर ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) के कुमाऊं जोनल कार्यालय का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा और CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन एवं सब्रोस लिमिटेड की चेयरपर्सन व मैनेजिंग डायरेक्टर श्रद्धा सूरी मारवाह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर आयोजित मेंबर्स मीट में 35 से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर क्षेत्र में निवेश, उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोरा ने कहा कि CII देश का प्रमुख औद्योगिक संगठन है, जो उद्योगों के विकास और विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रुद्रपुर में कुमाऊं जोनल कार्यालय खुलने से क्षेत्र के उद्यमियों को एक साझा मंच मिलेगा। इससे उद्योग जगत और सरकार के बीच संवाद एवं समन्वय मजबूत होगा तथा औद्योगिक समस्याओं के समाधान और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। CII का नया कार्यालय निवेश को प्रोत्साहित करने, उद्यमियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उद्योगों का विस्तार होने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
CII नॉर्दर्न रीजन की डिप्टी चेयरपर्सन श्रद्धा सूरी मारवाह ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-मोबिलिटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, कुशल कार्यबल, MSME की भागीदारी और बेहतर आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय उद्योगों को CII की विशेषज्ञता, नीतिगत संवाद और व्यापक व्यावसायिक अवसरों से जोड़ेगा। साथ ही CII के 12 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की विशेषज्ञता का लाभ भी उद्योग जगत को मिल सकेगा।
CII उत्तराखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने कहा कि मेंबर्स मीट उद्योगों की प्राथमिकताओं पर चर्चा करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और उत्तराखंड में औद्योगिक विकास के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान KLA India के डायरेक्टर अशोक अग्रवाल को CII कुमाऊं जोन का चेयरमैन तथा कुमार ऑक्सीजन के डायरेक्टर सौरभ वैष्ण को वाइस चेयरमैन घोषित किया गया। CII नॉर्दर्न रीजन की रीजनल डायरेक्टर रचना जिंदल भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। अंत में सौरभ वैष्ण ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
CII का कुमाऊं जोनल कार्यालय क्षेत्र में औद्योगिक संपर्क, व्यावसायिक नेटवर्किंग, नीतिगत चर्चा और सरकार व उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय का केंद्र बनेगा। इससे कुमाऊं में निवेश को प्रोत्साहन मिलने, उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कृष्णा वार्ता | रुद्रपुर








