60 साल का इंतजार खत्म! महतोष–मानूनगर मार्ग पर शुरू हुई ब्लैकटॉपिंग

विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से साकार हुआ सड़क निर्माण का संकल्प, मुख्यमंत्री धामी और सांसद अजय भट्ट का जताया आभार
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 7037260222)
गदरपुर खबर रुद्रपुर। करीब 60 वर्षों से बदहाल महतोष–मानूनगर–नवाबगंज मार्ग के दिन अब बदलने जा रहे हैं। लगभग चार किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर ब्लैकटॉपिंग का कार्य शुरू हो गया है। सड़क निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के साथ बाबा दीप सिंह पछियापुर गुरुद्वारा जाने वाली संगत को भी राहत मिलने की उम्मीद है। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोड़ा के मौके पर पहुंचते ही सैकड़ो ग्राम वासियों ने फूल महिलाओं से किया स्वागत कहां नर्क से हमें निकाल दिया विधायक जी ने
महतोष–मानूनगर से बाबा दीप सिंह पछियापुर गुरुद्वारा होते हुए उत्तर प्रदेश सीमा तक जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर गड्ढों और धूल-मिट्टी के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और अन्य राहगीरों के लिए भी यह मार्ग परेशानी का कारण बना हुआ था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
विधायक बनने के बाद से प्राथमिकता में थी सड़क निर्माण
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि महतोष–मानूनगर मार्ग का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रही थी। ग्रामीणों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए उन्होंने विभागीय और शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप अब सड़क पर निर्माण कार्य शुरू हो सका है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान कर विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
2024 में भेजा गया प्रस्ताव, 2025 में मिली मंजूरी
इस सड़क के निर्माण की प्रक्रिया वर्ष 2024 में शुरू हुई थी। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग चार किलोमीटर लंबे मार्ग का प्रस्ताव देहरादून भेजा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संस्तुति के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया। परियोजना को केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के अंतर्गत स्वीकृति दिलाने में सांसद अजय भट्ट की भूमिका रही। वर्ष 2025 में स्वीकृति मिलने के बाद बजट और टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई।
बरसात के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था। मौसम अनुकूल होने पर अब सड़क पर ब्लैकटॉपिंग शुरू कर दी गई है। विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।
पहले से दोगुनी चौड़ाई में बनेगा मार्ग
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि सड़क को पहले की तुलना में दोगुनी चौड़ाई में बनाया जा रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बाबा दीप सिंह पछियापुर गुरुद्वारा जाने वाली संगत को भी लाभ होगा। यह मार्ग आसपास के गांवों को जोड़ने के साथ उत्तर प्रदेश सीमा तक पहुंचने का महत्वपूर्ण रास्ता है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। बेहतर सड़क और अधिक चौड़ाई से यातायात सुगम होगा तथा खराब मार्ग के कारण होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिलेगी।
जनता के चेहरों की खुशी ही मेरा आत्मसंतोष : शिव अरोरा
विधायक ने कहा कि जनता की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होते देखना उनके लिए सबसे बड़ा आत्मसंतोष है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए संकल्पों को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें धरातल पर पूरा करना जरूरी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
सड़क निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों में खुशी
मार्ग पर ब्लैकटॉपिंग शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताई और विधायक शिव अरोरा का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण उन्हें वर्षों से परेशानी उठानी पड़ रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से अब उन्हें बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क का निर्माण निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों और गुरुद्वारा जाने वाले श्रद्धालुओं को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।इस दौरान सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश बजाज, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, इंद्रपाल, प्रधान जुल्फेकार अली, पूर्व प्रधान नबी जान, मनमोहन वाधवा, मनोज कुमार, त्रिलोक सिंह, प्रेम चावला, गुरबाज सिंह, प्रीतम सिंह, दयाल, मयंक कक्कड़, सुभाष यादव सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।








