



(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
बाजपुर। चीनी मिल परिसर में अतिक्रमण के दायरे में आ रहे 102 मकानों को 22 मार्च तक खाली करने निर्देश दिए गए हैं। इससे आवासों में रहने वाले परिवारों में खलबली मच गई है। बुधवार को मिल महाप्रबंधक/एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने अधिकारियों की टीम के साथ चिह्नित आवासों पर जाकर सख्त हिदायत दी। आवास खाली नहीं करने पर 24 मार्च को प्रशासन अतिक्रमण को ढहाएगा।
चीनी मिल महाप्रबंधक डॉ. शर्मा के निर्देश पर गठित की गई कमेटी ने अतिक्रमण के दायरे में 153 आवासों को चिह्नित किया था। संबंधित लोगों को जून 2025 में आवास खाली करने के लिए नोटिस देकर 15 दिन का समय दिया गया था। उसके बाद तीन बार मुनादी कराई गई। इस वर्ष 11 से 13 मार्च तक चिह्नित आवासों पर लाल निशान लगाए गए। मिल के सुरक्षा अधिकारी एसके शुक्ला ने बताया कि चीनी मिल में करीब 153 आवास अतिक्रमण के दायरे में है जिन्हें खाली कराया जाना है।
उन्होंने बताया कि 50 आवासीय भवन जीर्णशीर्ण हालत में खाली हैं, शेष 102 आवासों को खाली कराने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने बताया कि चिह्नित किए गए आवासों में बाहरी लोग रह रहे हैं जबकि कई आवासों पर ताला लगा है। मिल महाप्रबंधक एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने बुधवार को मिल अधिकारियों के साथ चिह्नित आवासों पर जाकर निवास करने वाले लोगों को समय सीमा के अंतर्गत आवास खाली करने की सख्त हिदायत दी।
