


मेयर ने बताया व्यक्तिगत प्रयास का परिणाम, विधायक बोले- 2022 से लगातार उठाता रहा मुद्दा; दोनों ने सीएम धामी का जताया आभार
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा)
(7037260222)
रुद्रपुर गदरपुर खबर। शहर को जलभराव से स्थायी राहत दिलाने के लिए स्वीकृत 786.73 करोड़ रुपये के मास्टर ड्रेनेज प्लान पर अब सियासत गरमा गई है। योजना को मंजूरी मिलते ही सत्ता पक्ष में श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है। मेयर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोरा दोनों इसे अपनी-अपनी मेहनत का नतीजा बता रहे हैं।
योजना का श्रेय किसे मिलेगा, यह राजनीतिक बहस का विषय हो सकता है, लेकिन शहर की जनता को इंतजार उस दिन का है जब बरसात में सड़कें नहीं, बल्कि पानी नालों में बहता दिखाई देगा।”
मेयर विकास शर्मा ने कहा कि मास्टर ड्रेनेज प्लान को स्वीकृति दिलाने के लिए उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर लगातार प्रयास किए। शासन और अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कई बार मुलाकात कर रुद्रपुर के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग रखी। उनका कहना है कि यह योजना शहर के भविष्य को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके लागू होने से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
दूसरी ओर विधायक शिव अरोरा ने प्रेसवार्ता कर दावा किया कि वर्ष 2022 में विधायक बनने के बाद से ही वह इस योजना को लेकर लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर शासन स्तर तक मास्टर ड्रेनेज सिस्टम का मुद्दा मजबूती से उठाया गया, जिसके बाद सरकार ने इसे मंजूरी दी। विधायक ने इसे प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
786.73 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को रुद्रपुर के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। हालांकि योजना के ऐलान के साथ ही राजनीतिक श्रेय की जंग भी तेज हो गई है। अब शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि बयानबाजी से आगे बढ़कर परियोजना धरातल पर कब उतरती है और जलभराव की वर्षों पुरानी समस्या से वास्तव में राहत कब मिलती है।
“योजना का श्रेय किसे मिलेगा, यह राजनीतिक बहस का विषय हो सकता है, लेकिन शहर की जनता को इंतजार उस दिन का है जब बरसात में सड़कें नहीं, बल्कि पानी नालों में बहता दिखाई देगा।”
