


(कृष्णा वार्ता gadarpur uttarakhand)
Gadarpur….. गदरपुर क्षेत्र में ग्राम सरदार नगर के निकट पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर पिस्टल, 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।
खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 26 जुलाई को सरदार नगर अंडरपास कट के पास पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जानलेवा फायरिंग कर दी, जिसमें गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि दो अन्य लोग मारपीट में घायल हुए थे। मामले में गदरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर छह नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरिपुरा जलाशय के पास से राजवीर सिंह विर्क, आकाशदीप सिंह, प्रशांत सिंह उर्फ मनी और सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
