


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के बीच एक अच्छी खबर आई है कि देश की राजधानी दिल्ली में हालिया लॉन्च फ्लेक्स फ्यूल कार और बाइक्स के लिए पहली बार ई85, यानी फ्लेक्स फ्यूल लॉन्च हो गया है। अब फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए पेट्रोल से 20 रुपये सस्ता इथेनॉल-मिश्रित ईंधन उपलब्ध है। ई85 फ्यूल टेक्नॉलजी और इसके पर्यावरणीय लाभ के साथ ही भविष्य में आपके शहर के पेट्रोल पंपों पर इसकी उपलब्धता से जुड़ीं सारी
सबसे पहले तो आपको यह बता दें कि भारत ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा और ग्रीन फ्यूचर की दिशा में एक ऐतिहासिक छलांग लगाते हुए ई85 फ्यूल लॉन्च किया है, जिससे आने वाले समय में फ्यूल इंपोर्ट को धीरे-धीरे कम करने पर जोर दिया जा सकेगा। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नई दिल्ली में ई85 (E85) ईंधन को आधिकारिक तौर पर इंडियन ऑयल के फ्यूल पंप पर लॉन्च किया। इथेनॉल और पेट्रोल के मिश्रण से तैयार यह विशेष ईंधन न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि यह सामान्य पेट्रोल की तुलना में 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता भी है। दिल्ली में इसकी कीमत 82 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर है।
ई85 फ्यूल लॉन्च की यह पहल न सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘क्लीन एंड ग्रीन इंडिया’ के विजन को मजबूती देती है, बल्कि देश के किसानों की आय बढ़ाने और ऊर्जा आयात बिलों को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। हाल ही में पीएम मोदी ने लोगों से तेल संरक्षण की अपील की है।
ई85 फ्यूल पर्यावरण के अनुकूल होती हैं। ई85 ईंधन पेट्रोल की तुलना में ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में 61 फीसदी तक की कमी सुनिश्चित करता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ई85 की कीमत 82.12 रुपये प्रति लीटर तय की गई है, जो मौजूदा पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर से 20 रुपये सस्ता है। ई85 फ्यूल में ज्यादातर इथेनॉल होते हैं, जो कि किसानों के लिए वरदान है। दरअसलस, इथेनॉल का उत्पादन मुख्य रूप से कृषि उत्पादों से होता है, जिससे यह आने वाले समय में किसानों के लिए अतिरिक्त आय का एक बड़ा जरिया बनेगा।
यहां एक और जरूरी बात जान लें कि ई85 फ्यूल के लिए उपयोग की जाने वाली तकनीकें स्वदेशी हैं, जो भारत के ग्रीन एनर्जी ट्रांजिशन को रफ्तार देने में सक्षम है।
हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि ई85 फ्यूल केवल फ्लेक्स-फ्यूल इंजन से लैस गाड़ियों के लिए ही है। सामान्य पेट्रोल वाहनों में इसका उपयोग नहीं किया जा सकता है।
E85 फ्यूल की खासियत
आपको बता दें कि ई85 एक अडवांस्ड फ्यूल मिश्रण है, जिसमें 80-85 फीसदी इथेनॉल और 14-19 फीसदी पेट्रोल होता है। यह खास तौर से उन फ्लेक्स-फ्यूल पावर्ड गाड़ियों के लिए बनाया गया है, जो ई20 से लेकर ई100 तक के किसी भी मिश्रण पर चलने में सक्षम हैं।
फ्लेक्स फ्यूल पावर्ड गाड़ियों में एक अडवांस्ड इंजन कंट्रोल यूनिट (ECU) लगी होती है, जो ईंधन में इथेनॉल की मात्रा के अनुसार खुद को ढाल लेती है। इसी हफ्ते हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी स्प्लेंडर और एचएफ डीलक्स जैसी सबसे पॉपुलर बाइक्स के फ्लेक्स फ्यूल मॉडल लॉन्च किए। वहीं, मारुति सुजुकी ने भी वैगनआर फ्लेक्स फ्यूल लॉन्च किए।
उपलब्धता और फ्यूचर प्लान
मौजूदा समय में ई85 फ्यूल देश के चुनिंदा 48 सार्वजनिक क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है। सरकार ने इसके विस्तार की एक बड़ी योजना बनाई है। दिसंबर 2026 तक देशभर के 500 पेट्रोल पंपों पर ई85 फ्लेक्स फ्यूल मिलने लगेंगे। वहीं, दिसंबर 2027 तक पूरे भारत में लगभग 5,000 पेट्रोल पंपों पर ई85 फ्यूल की उपलब्धता दिखेगी। यह विस्तार न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि 2030-31 तक भारत के इथेनॉल मिश्रण स्तर को 26 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में भी निर्णायक साबित होगा।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहीं खास बातें
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा- ‘विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, हरित एवं ऊर्जा सुरक्षित भारत की विजन से प्रेरणा लेकर आज देश की राजधानी में फ्लेक्स फ्यूल पर चलने वाले वाहनों के लिए दिल्ली के पेट्रोल पंप पर ई85 ईंधन का ऐतिहासिक उद्घाटन किया। यह ना केवल भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, बल्कि किसानों की अतिरिक्त आय का साधन भी है। इस पहल से हमारे ऊर्जादाताओं के जीवन में खुशहाली और उन्नति बनी रहेगी।’
