


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
लखनऊ। गर्मी की छुट्टियों के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों और अभिभावकों के नाम एक खास पत्र लिखा है। इस पाती में सीएम योगी ने बच्चों को छुट्टियों का सही उपयोग करने, नई चीजें सीखने और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यह समय सिर्फ आराम का नहीं, बल्कि नई रुचियां विकसित करने और जीवन के नए अनुभव हासिल करने का अवसर भी है। सीएम योगी ने बच्चों को किताबें पढ़ने, नई भाषा सीखने, फोटोग्राफी, चित्रकारी, संगीत, पाक कला और बागवानी जैसी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी खास अपील की कि वे बच्चों को ननिहाल-ददिहाल जरूर लेकर जाएं ताकि वे दादा-दादी और नाना-नानी के साथ समय बिताकर अपने संस्कारों और परंपराओं को करीब से समझ सकें। उन्होंने बच्चों को प्रकृति से जोड़ने पर भी जोर दिया और कहा कि पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और स्वच्छता की आदत विकसित करने से बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है।
सीएम योगी ने परिवारों को दुधवा राष्ट्रीय उद्यान, चूका बीच और कतर्निया घाट जैसे प्राकृतिक स्थलों की यात्रा करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि घूमना-फिरना बच्चों को जीवन और प्रकृति को समझने का अवसर देता है। साथ ही उन्होंने छुट्टियों को “प्लास्टिक मुक्त” बनाने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कपड़े और जूट के थैलों के इस्तेमाल पर जोर दिया। मुख्यमंत्री का मानना है कि यदि इन छुट्टियों में बच्चों को प्रकृति, संस्कृति और परिवार से जोड़ा जाए, तो यह समय उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बन सकता है।
