


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर। सिख धर्म के पंचम पातशाह गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर ग्राम नवाब नगर, मिलक खानम स्वार, रामपुर उत्तर प्रदेश में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने पहुंचकर गुरु चरणों में शीश नवाया।
बाबा भगवंत भजन सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पाठ के भोग के उपरांत विशाल दीवान सजाए गए। डेरा बाबा नानक पंजाब के रागी भाई वीर सिंह ने कीर्तन एवं कविता के माध्यम से गुरु अर्जुन देव जी के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डाला।
कथावाचक भाई हरप्रीत सिंह ने गुरु जी की शहादत और उस समय के राजनीतिक हालातों का वर्णन करते हुए बताया कि गुरु अर्जुन देव जी ने अत्याचारों के सामने अडिग रहकर मानवता की रक्षा की। उन्होंने बाबा बुड्ढा जी के इतिहास और उनकी सेवा भावना का भी विस्तार से वर्णन किया।
रागी भाई कुलवंत सिंह ने मनमोहक कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को भावविभोर कर दिया। वहीं कथावाचक देवेंद्र सिंह ने गुरु वाणी एवं पर्यावरण संरक्षण पर विचार रखते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्राकृतिक नियमों के अनुसार स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया।
समागम में बाबा भगवंत भजन सिंह ने संगत को गुरु के उपदेशों पर चलने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि धन-धन बाबा बुड्ढा जी ने 113 वर्षों तक गुरु साहिबानों की सेवा करते हुए गुरुमुखी, गुरबाणी और गतका की शिक्षा प्रदान की।
इस अवसर पर रिटायर्ड कर्नल हरवीर सिंह ने संगत का आभार व्यक्त करते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत सरदार नसीब सिंह एवं माता नसीब कौर के परिवार की ओर से सरदार परमजीत सिंह, भगवत सिंह एवं हरवीर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
