


ट्रांजिट कैम्प में पूजा-अर्चना व शिलापट्ट अनावरण के साथ हुआ उद्घाटन, धार्मिक स्थलों के विकास को बताया अपनी प्राथमिकता
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने अपने विधायक कार्यकाल में विधायक निधि से स्वीकृत 20 लाख रुपये की लागत से ट्रांजिट कैम्प स्थित थाना कोतवाली के सामने राधा-कृष्ण मंदिर में निर्मित प्रथम तल के विशाल सभागार का विधिवत पूजा-अर्चना एवं शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने उनका माल्यार्पण कर एवं पटका ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विकास कार्यों की गति कभी रुकने नहीं दी। उन्होंने बताया कि शहर के अनेक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया गया, 200 से अधिक मंदिरों में देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित कराई गईं तथा सैकड़ों मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया गया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ जनसुविधाओं का विस्तार हमेशा उनकी प्राथमिकता रहा है और भविष्य में भी जनहित के कार्यों के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर परिमल राय, पार्षद शुभम दास, केरू मंडल, मनोज गुप्ता, संजीव गुप्ता, रामप्रकाश गुप्ता, एस.के. पाठक, कमलदीप सोनकर, अजय नारायण सिंह, आनंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
