(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर कॉल। फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र बनवाने के मामले में कोतवाली गदरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक एस एसडी बरामद की है। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार की तहरीर पर 25 सितंबर 2026 को कोतवाली गदरपुर में मुकदमा संख्या 283/2026 दर्ज किया गया था। मुकदमे में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र बनवाकर लाभ लेने का आरोप लगाया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) एवं 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों में फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर एवं विद्युत बिल आदि दस्तावेजों के प्रयोग की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपी शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10 गदरपुर तथा निखिल वर्मा पुत्र मोतीराम निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय के पास गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वीवो एक्स 200 एफई और ओप्पो के12 एक्स मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अतिरिक्त आरोपियों की निशानदेही पर एचपी कंपनी का एलिटबुक एक्स360 1030 जी4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक एसएसडी साक्ष्य के रूप में कब्जे में ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन से प्राप्त रिकॉर्डिंग एवं दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है तथा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
*गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम:** वरिष्ठ उपनिरीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा एवं कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा शामिल रहे।








