Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। विभिन्न मांगों को लेकर किसानों द्वारा पिछले दो दिनों से किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के बीच शनिवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से संवाद किया। इस दौरान किसानों ने मांग-पत्र सौंपते हुए विद्युत, भूमि समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
अपर जिलाधिकारी ने किसानों द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ मांगें नीतिगत प्रकृति की हैं, जिन पर जिला स्तर से निर्णय लिया जाना संभव नहीं है। ऐसी मांगों पर नियमानुसार शासन स्तर से कार्रवाई की जाएगी।

वार्ता के दौरान किसानों ने अपनी स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से भी अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया। एडीएम ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की तथा किसानों से सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर नियमानुसार हल की जा सकने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नीतिगत एवं शासन स्तर से संबंधित मांगों को नियमानुसार उच्च स्तर पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी। अपर जिलाधिकारी ने किसानों से आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालते हुए धरना समाप्त करने का अनुरोध किया।
वार्ता के दौरान गन्ना आयुक्त टीएस मार्टोलिया, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी वीके यादव, अधीक्षण अभियंता विद्युत समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!