पटाखा गोदाम में आग की आशंका पर प्रशासन ने परखी आपदा प्रबंधन की तैयारी
Krishna Varta gadarpur Uttrakhand
9917 322 413

गदरपुर खबर। पटाखा फैक्ट्री अथवा गोदाम में आग लगने जैसी संभावित आपदा से निपटने और विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को तहसील गदरपुर क्षेत्र स्थित छाबड़ा पटाखा गोदाम में प्रशासन की ओर से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आग लगने की काल्पनिक घटना का परिदृश्य तैयार कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान दोपहर 12:15 बजे पटाखा फैक्ट्री में आग लगने और वहां काम कर रहे लोगों के फंसे होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

निर्धारित परिदृश्य के अनुसार फैक्ट्री में कुल 10 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। इनमें से आठ लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया, जबकि तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल दर्शाते हुए उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। वहीं दो लोगों के लापता होने की सूचना पर सर्च अभियान चलाया गया। बाद में दोनों को फैक्ट्री के बाहर तलाश कर सकुशल बरामद करने का अभ्यास पूरा किया गया।

पूरी मॉक ड्रिल इंसिडेंट कमांडर एवं तहसीलदार गदरपुर श्रीमती लीना चंद्रा, एनडीआरएफ कमांडर आनंद सिंह देगारी तथा अग्निशमन विभाग के महेश चंद्रा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाने, एनडीआरएफ ने सर्च एवं रेस्क्यू तथा स्वास्थ्य विभाग ने घायलों को उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, विकासखंड तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रशासन का उद्देश्य किसी भी वास्तविक आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना, उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता परखना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियां दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ऊधम सिंह नगर के अनुसार सभी संबंधित विभागों के आपसी सहयोग और समन्वय से मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न हुई।









