(krishna varta gadarpur uttarakhand)
रुद्रपुर। विधानसभा के आगामी सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिले में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए कुल 118 बीयू, 118 सीयू और 118 वीवीपैट निकाली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह प्रक्रिया आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) जैसे मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की गई है।
प्रशिक्षण के लिए चिह्नित ईवीएम और वीवीपैट की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत अलग गोदाम में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट का व्यावहारिक प्रदर्शन दिखाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आमजन ईवीएम और वीवीपैट के जरिए मतदान करने की प्रक्रिया समझ सकते हैं। इसके साथ ही जन-जागरूकता के लिए मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) भी जिले के सभी नौ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। ये वैन सभी मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और क्लस्टरों तक पहुंचेंगी। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह जागरूकता अभियान जारी रहेगा। कार्यक्रम की घोषणा के बाद ईवीएम और वीवीपैट से जुड़ी जागरूकता केवल डिजिटल माध्यमों से प्रचारित की जाएगी। ऊधमसिंह नगर में 21 नवंबर से जन-जागरूकता कार्यक्रम शुरू हो चुका है। इस दौरान ईडीसी और एमडीवी के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले लोगों और मॉक पोल में प्रतिभाग करने वालों की संख्या की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से साप्ताहिक और पाक्षिक आधार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी।









