आंदोलनकारियों का सम्मान कर किया नमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
पर्यावरण मित्रों, नगर निगम कर्मियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और प्रतिभाओं को भी किया सम्मानित
कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70 372 60 222

गदरपुर रुद्रपुर खबर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को श्रीराम पार्क में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर राज्य निर्माण के संघर्ष और बलिदान को नमन किया गया। वहीं स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक पेश की।

समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, सुरेश कोली, उत्तम दत्ता, एडीएम पंकज उपाध्याय एवं एसडीएम मनीष बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीद आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों के साथ नगर निगम कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों, महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। चित्रकला, नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष की बदौलत ही हमें अपना उत्तराखंड मिला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के बलिदान का परिणाम है। स्थापना दिवस हमें उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। सम्मानित होने वाले लोगों का योगदान अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और जनता की एकजुटता का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
महापौर ने समारोह के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राज्य के इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जोड़ते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, अनिल चौहान, गदरपुर पालिकाध्यक्ष मिंटू गुम्बर, राकेश सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।












