Advertisement
Advertisement
Advertisement

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

 

 

जर्जर मतदान केंद्रों को समय रहते दूसरे भवनों में किया जाएगा स्थानांतरित, मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के लिए चलेगा विशेष अभियान

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(99173 22413)

1006055_cropped.webp

 

गदरपुर खबर रुद्रपुर, 28 अक्टूबर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

1006054_cropped.webp

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बीएलओ के माध्यम से सभी मतदेय स्थलों का शत-प्रतिशत स्थलीय निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों के भवनों की स्थिति का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए। जिन मतदान केंद्रों के भवन जर्जर अथवा मतदान के लिए अनुपयुक्त पाए जाते हैं, उन्हें निकटवर्ती उपयुक्त सरकारी भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर विद्युत, रैंप, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मतदाता सूची में त्रुटियों को दूर करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने निर्वाचक नामावलियों में दर्ज प्रत्येक मतदाता के नाम, आयु, संबंधी का नाम तथा अन्य विवरणों का गहन परीक्षण एवं पुनः सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अपूर्णता पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। ऐसे सभी प्रकरणों में प्रपत्र-8 भरवाकर एकत्र किए जाएं तथा विवरणों में आवश्यक संशोधन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान नो-मैपिंग अथवा किसी अन्य विसंगति के कारण यदि किसी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली से छूट गया हो, तो ऐसे मामलों की पहचान कर संबंधित पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-6 भरवाया जाए और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाए।

पात्र मतदाता नाम दर्ज कराने से वंचित न रहें

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अनावश्यक रूप से निर्वाचक नामावली में अपना नाम शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, ओसी हिमांशु कफलटिया, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

Advertisement