विधायक अरविंद पांडे ने मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात, वन भूमि हस्तांतरण जल्द कराने के निर्देश
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर देहरादून। गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे ने देहरादून में उत्तराखंड सरकार के वन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं शिक्षा, संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने हरिपुरा जलाशय जीरो पॉइंट से कोपा मुनस्यारी, कोपा बसंता सहित विभिन्न गांवों में सीसी सड़क निर्माण कार्यों के लिए वन विभाग से भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का आग्रह किया।
विधायक अरविंद पांडे ने मंत्री को अवगत कराया कि संबंधित सीसी सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग की भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होना आवश्यक है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने की मांग रखी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हो सके।
विधायक के आग्रह पर मंत्री सुबोध उनियाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को यथाशीघ्र भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। इससे संबंधित सड़क निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद
इन सड़कों के निर्माण से कोपा मुनस्यारी, कोपा बसंता सहित संबंधित गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। सीसी सड़क बनने से ग्रामीणों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिल सकेगी।
विधायक अरविंद पांडे ने जनहित से जुड़े इस विषय पर सकारात्मक पहल के लिए मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी होने के बाद सड़क निर्माण कार्य आगे बढ़ सकेंगे।








