धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, करुणा और सद्भाव को बढ़ावा देते हैं : शिव अरोरा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। भूरारानी स्थित हंस विहार फेस-2 में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने पहुंचकर व्यास पीठ को नमन किया और कथावाचक का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मां भगवती के चरणों में श्रद्धा व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच भक्तिमय वातावरण बना रहा। कथा व्यास ने श्रीमद् देवी भागवत के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर व्यास पीठ की ओर से विधायक शिव अरोरा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने आयोजन समिति एवं कथा व्यास का आभार व्यक्त किया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि श्रीमद् देवी भागवत कथा का श्रवण मन को आध्यात्मिक शांति प्रदान करने के साथ जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा देता है। धार्मिक ग्रंथों में प्रेम, करुणा, सेवा, विनम्रता और सद्भाव जैसे अनेक जीवनोपयोगी संदेश समाहित हैं। इन संदेशों को अपने आचरण में उतारकर हम परिवार और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मां भगवती की महिमा का गुणगान और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में धार्मिक कथाएं आत्मचिंतन का अवसर देने के साथ धैर्य, विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती हैं।
विधायक ने हंस विहार फेस-2 के निवासियों एवं आयोजन समिति को श्रीमद् देवी भागवत कथा के आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही श्रद्धालुओं से कथा में बताए गए सद्गुणों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने मां भगवती से सभी क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
इस दौरान परजीत, सुखदेव कुमार, अरविन्द सिंह, राजेश कुमार, पिंटू, राजवीर, अलोक प्रकाश, विपिन, सुदेश सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।








