श्री शिव मंदिर रामलीला में आज रात होगा ‘नैया पार’ का भावपूर्ण मंचन, मार्मिक अभिनय से दर्शकों को भावुक कर देते हैं राकेश भुड्डी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश भुड्डी राजनीति के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। सफल मंच संचालक के रूप में पहचान रखने वाले राकेश भुड्डी श्री शिव मंदिर रामलीला मंच पर भगवान श्रीराम के वनगमन प्रसंग के दौरान ‘नैया पार’ दृश्य में केवट की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
राकेश भुड्डी पिछले 14 वर्षों से लगातार केवट की भूमिका का मंचन कर रहे हैं। मंच पर अपने किरदार में इस तरह डूब जाते हैं कि उनका मार्मिक और भावपूर्ण अभिनय दर्शकों को भावुक कर देता है। उनके संवादों और अभिनय की जीवंत प्रस्तुति के दौरान कई बार दर्शकों की आंखें नम हो जाती हैं। यही वजह है कि उनके केवट के अभिनय की चर्चा दूर-दूर तक होती है और लोग इस विशेष दृश्य को देखने के लिए रामलीला मंच पर पहुंचते हैं।
श्री शिव मंदिर रामलीला में इस दृश्य के दौरान भगवान श्रीराम की भूमिका में शुभम गगनेजा, लक्ष्मण की भूमिका में शिव तिवारी और माता सीता की भूमिका में वंश गुप्ता नजर आएंगे। वहीं वरिष्ठ कलाकार मुकेश चावला और मुकेश भगत भी अपने अभिनय से मंचन को विशेष बनाएंगे।
आज रात 8 बजे होगा मंचन
श्री शिव मंदिर प्रांगण में आज रात्रि 8 बजे ‘नैया पार’ के इस भावपूर्ण दृश्य का मंचन किया जाएगा। रामलीला कमेटी एवं श्रद्धालुओं में इस प्रसंग को लेकर उत्साह बना हुआ है। दर्शकों को भगवान श्रीराम और केवट के बीच श्रद्धा, समर्पण और भक्ति से जुड़े संवादों का मंचन देखने को मिलेगा।








