(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबररुद्रपुर। शिमला में हुई चोरी के मामले में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार आबकारी कर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नगदी बरामद की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पंतनगर और कोतवाली रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने हिमाचल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र तथा तकनीकी और भौतिक सत्यापन के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की।
जांच के दौरान सामने आया कि शिमला में चोरी की घटना के बाद कुछ संदिग्ध दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार 8 सितंबर 2026 को करीब 11 बजे उक्त वाहन को रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट पर रोका गया था। चेकिंग के दौरान वाहन और सामान की तलाशी ली गई, जिसमें चोरी से संबंधित बहुमूल्य संपत्ति बरामद होने की बात सामने आई।
पुलिस के मुताबिक जांच और पूछताछ के आधार पर आबकारी विभाग से जुड़े बलजीत सिंह निवासी लालपुर, किच्छा, नईम निवासी केलाखेड़ा, पप्पू लाल निवासी गदरपुर तथा देवेंद्र कुमार निवासी मालधनचौड़, रामनगर को गिरफ्तार किया गया। चारों की गिरफ्तारी 20 सितंबर 2026 की रात की गई।
शिमला में दर्ज है चोरी का मुकदमा
यह मामला थाना सदर शिमला में एफआईआर संख्या 117/2026 के तहत दर्ज है। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना में नकदी, सोने एवं हीरे के आभूषण, घड़ियां तथा अन्य कीमती सामान चोरी होने की सूचना दर्ज की गई थी।
ऊधमसिंहनगर पुलिस के सहयोग से हुई गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद संबंधित अभिलेखीकरण एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराध एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों के अनावरण में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।








