(krishna varta gadarpur uttarakhand)

काशीपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधम सिंह नगर डॉ. संजीव गोस्वामी ने गुरुवार को एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

सीएमओ ने एलडी भट्ट अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

डॉ. गोस्वामी ने अस्पताल के आपातकालीन कक्ष, सामान्य वार्ड, गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) तथा नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित को निर्देशित किया कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। अस्पताल में आवश्यक दवाइयों और उपचार की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, वार्डों और विशेष रूप से शौचालयों की साफ-सफाई पर भी जोर दिया गया। सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को स्वच्छता व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने तथा मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।