


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

रुद्रपुर । पुलिस और एएनटीएफ के ऊपर पथराव मामले में मुख्य आरोपी नदीम के घर पर नगर निगम ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का नोटिस चस्पा किया है। 15 दिन के अंदर जवाब मांगा गया है। नोटिस का तय समय में जबाव नहीं देने पर नगर निगम अतिक्रमण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। कुछ दिनों पूर्व ही मेयर विकास शर्मा ने नशा तस्करों के अवैध निर्माणों को चिह्नित कर कार्रवाई की बात कही थी।शुक्रवार को रुद्रपुर नगर निगम की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम के मकान को लेकर जांच में पाया गया है कि संबंधित भूमि नगर निगम के अभिलेखों में दर्ज सरकारी भूमि की श्रेणी में आती है।
आरोप है कि इस स्थान पर बिना अनुमति के पक्का निर्माण कर आवास, शेड और अन्य ढांचे बनाकर अतिक्रमण किया गया है। नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति को 15 दिन के भीतर भूमि स्वामित्व से जुड़े सभी वैध दस्तावेज नगर निगम कार्यालय में पेश करने होंगे। अगर तय समय सीमा में कोई जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। जिसका पूरा खर्च भी संबंधित व्यक्ति से ही वसूला जाएगा। बताया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस पर हुए पथराव के मामले में आरोपी के तौर पर सामने आए नदीम के खिलाफ अब प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की जा रही है। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि नशा तस्करों के अवैध निर्माण की जांच की जाएगी।
