



कृष्ण वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
9917322413
गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आगामी 9 मार्च से गैरसैंण में प्रारंभ होगा। सरकार की ओर से सत्र की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 11 मार्च को सदन में राज्य का वार्षिक बजट प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र 13 मार्च तक संचालित होगा।
बजट सत्र को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हाल ही में मुख्यमंत्री को खुला पत्र लिखकर बजट सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में आग्रह किया कि जनहित के महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा का बजट सत्र कम से कम 21 दिन तक चलाया जाए।
अब सभी की नजरें बजट सत्र पर टिकी हैं, जहां सरकार विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी घोषणाओं और वित्तीय प्रावधानों का खाका सदन में पेश करेगी, वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है।

