


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
एक युवक ने खुद को सरकार से मान्यता प्राप्त बैंक कंपनी का संचालक बताकर लोगों को अपने झांसे में लेकर 80 लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली। पीड़ित लोगों ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि आरोपी पहले भी धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
आर्य नगर निवासी गौरव अरोरा पुत्र जयप्रकाश अरोरा ने कोतवाली में तहरीर सौंपी। इसमें कहा है कि उसके साथी भूप सिंह निवासी ग्राम बघेलेवाला, विनोद अरोरा निवासी टांडा उज्जैन की वर्ष 2023 में शुगर फैक्टरी खड़कपुर देवीपुरा निवासी एक व्यक्ति से उनकी मुलाकात डॉक्टर लेन स्थित एक दुकान पर हुई थी। तब उस व्यक्ति ने बताया कि उसकी खुद की बैंक कंपनी है, जो सरकार से मान्यता प्राप्त है। वह समिति व्यवसाय का कार्य करता है। वह समिति के माध्यम से निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाता है। गौरव ने बताया उस व्यक्ति के झांसे में आकर दिसंबर 2023 से अगस्त 2024 तक कई बार में नकद एक लाख 7 हजार रुपये उसको दे दिए जबकि भूप सिंह ने नवंबर 2023 से मार्च 2024 तक साढ़े सात लाख रुपये और विनोद अरोरा ने नकद व बैंक के माध्यम से साढ़े पांच लाख रुपये उसे दिए। इसके अलावा मोहल्ला कटरामालियान निवासी शिवम अरोरा समेत कई लोगों ने अलग-अलग समय पर 78 लाख 46 हजार रुपये आरोपी व्यक्ति को सौंप दिए। काफी समय बीतने के बाद जब न कोई मुनाफा मिला और न ही मूलधन वापस हुआ, तब शक हुआ।
