




(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रुद्रपुर। गूलरभोज नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों को भूमि पर मालिकाना हक दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। भाजपा के प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा के प्रयासों से क्षेत्रीय प्रतिनिधियों की मुलाकात सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट से हुई, जिसके बाद रुद्रपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में इस विषय को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में गूलरभोज नगर पंचायत की लगभग 30 एकड़ भूमि सहित कुल 685 एकड़ भूमि पर वर्षों से रह रहे निवासियों को मालिकाना हक और पट्टे प्रदान करने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि मामले के शीघ्र समाधान के लिए एक समिति का गठन कर पूरी पत्रावली तैयार की जाए और उसे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि गूलरभोज क्षेत्र के लोग लंबे समय से भूमि के मालिकाना हक की मांग कर रहे हैं। अब इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू होने से लोगों में उम्मीद जगी है।
क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने सांसद अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह महत्वपूर्ण पहल संभव हो पाई है
