



(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
चंपावत। कुमाऊं मंडल विकास निगम गैस एजेंसी, चंपावत के प्रबंधक डीएस रावत का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से निधन हो गया। घटना की जानकारी मृतक के साले राजेंद्र सिंह बोरा ने दी।
बोरा के अनुसार, रावत सोमवार शाम कार्यालय से घर लौटने के बाद सामान्य थे और पारिवारिक कार्यों में व्यस्त रहे। शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने फोन कर बताया कि वे जिला अस्पताल में भर्ती अपने मामाजी को, जिनका पित्त की थैली का ऑपरेशन हुआ था, डिस्चार्ज करवा रहे हैं। औपचारिकताएं पूरी कर वे उन्हें घर भी छोड़ आए।
उन्होंने बताया कि इसके लगभग एक घंटे बाद ही रावत की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने पेट में तेज दर्द की शिकायत की। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बोरा ने अपील की है कि मौत के कारणों को लेकर अटकलें न लगाई जाएं।
