



(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रुद्रपुर/गदरपुर खबर उत्तराखण्ड को भयमुक्त और अपराधमुक्त बनाने के संकल्प के तहत जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस एक्शन मोड में है। ओवरटेकिंग विवाद में रोडवेज बस में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट करने वाले 4 शातिर अभियुक्तों को गदरपुर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में दिनांक 01 अप्रैल 2026 को वादी शारदा शंकर पुत्र खड़क सेन शर्मा निवासी शारदा घाट, टनकपुर द्वारा थाना गदरपुर में तहरीर दी गई कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उत्तराखण्ड परिवहन की बस में तोड़फोड़ कर चालक के साथ मारपीट की गई तथा यात्रियों में भय का माहौल उत्पन्न किया गया। तहरीर के आधार पर थाना गदरपुर में मु0 FIR NO-102/2026 धारा 126(2)/115(2)/191(2)/352/351(2)/324(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के सख्त निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गदरपुर संजय पाठक के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 02 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि घटना के दिन वे मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे तथा शराब सेवन के बाद गदरपुर लौटते समय रोडवेज बस द्वारा ओवरटेक किए जाने पर विवाद हो गया। गुस्से में आकर उन्होंने पहले बस को रोककर गाली-गलौज व तोड़फोड़ की, इसके बाद बस का पीछा करते हुए केलाखेड़ा-रत्नामडैया क्षेत्र में पुनः लाठी-डंडों से हमला कर बस को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 02 अदद बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। घटना के दौरान बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे, हालांकि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जिस पर पीडीपीपी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हरजिन्दर सिंह पुत्र हरपाल सिंह, रिंकु सिंह पुत्र सरजीत सिंह, गोविन्द सिंह पुत्र कृपाल सिंह निवासी ग्राम खुशालपुर थाना गदरपुर तथा अयान पुत्र महैन्दी हसन निवासी सरोवर नगर थाना गदरपुर शामिल हैं। सभी अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश दी जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अराजकता, हुड़दंग और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ क्षतिपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी। “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत प्रत्येक अपराध पर त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी/कर्मचारी:
प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक मोहन सिंह बोहरा, हेड कांस्टेबल चैतन्य सुयाल, कांस्टेबल जीवन फुलेरा, कांस्टेबल रवीन्द्र सिंह, कांस्टेबल मोहन बोहरा एवं कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह बिष्ट।
