विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में गांधी पार्क से खाटू श्याम मंदिर तक निकली निशान यात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत; 30 नवंबर को सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार, भजन गायक कन्हैया मित्तल देंगे प्रस्तुति
कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222

गदरपुर खबर रुद्रपुर। धर्मनगरी रुद्रपुर रविवार को बाबा श्री खाटू श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आई। आगामी 30 नवंबर को गांधी पार्क में आयोजित होने वाले भव्य श्री श्याम संकीर्तन से पूर्व विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में नगर में विशाल निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हाथों में बाबा श्याम का पवित्र निशान लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चारों ओर गूंजते जयकारों, भक्ति संगीत और लहराते रंग-बिरंगे निशानों ने पूरे शहर को श्याममय कर दिया।

निशान यात्रा का शुभारंभ गांधी पार्क से हुआ। विधायक शिव अरोरा स्वयं बाबा श्याम का निशान लेकर श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं के बीच ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारे गूंजते रहे।
गांधी पार्क से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक और गल्ला मंडी सहित विभिन्न स्थानों से गुजरकर खाटू श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह व्यापारियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। बाजार में यात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर की सड़कों पर बाबा श्याम की भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला है। हजारों श्रद्धालुओं का हाथों में निशान लेकर यात्रा में शामिल होना बाबा के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। बाबा श्याम की भक्ति समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि निशान यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और सामूहिक आस्था का प्रतीक भी है। उन्होंने यात्रा का जगह-जगह स्वागत करने वाले व्यापारिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
30 नवंबर को गांधी पार्क में सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 30 नवंबर को गांधी पार्क में शाम सात बजे से श्री खाटू श्याम बाबा का भव्य एवं दिव्य दरबार सजाया जाएगा। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल अपनी भजनों की प्रस्तुतियों से श्याम प्रेमियों को भक्तिरस में सराबोर करेंगे। उन्होंने रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाने और संकीर्तन में शामिल होने का आह्वान किया।
इस दौरान गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, धीरेश गुप्ता, जगदीश विश्वास, विनीत जैन, संदीप राव,, डॉ. सीमा अरोरा, रश्मि रस्तोगी, राजेश डाबर, राकेश शर्मा, शालिनी बोरा, ममता त्रिपाठी, कमल पाल, राजेश बजाज, अनमोल विर्क, किरण विर्क, सतनाम सिंह, गोविन्द राय, महेंद्र आर्य, संतोष गुप्ता, विकास सागर, सुनील यादव, राजेश कामरा, मनोज छाबड़ा, केपी राठी, रमेश पाल, मनमोहन वाधवा, स्वाति शर्मा, अर्चना राय, राजकुमार चौधरी, इंद्रपाल चौधरी, वैभव ग्रोवर, मनोज मदान, मोहित चड्ढा, मयंक कक्कड़, अखिल विश्वास, शिव कुमार राय, राज कोली, महेश कोली, श्री ओम, तारा चंद्र अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।









