पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कोतवाली में किया घेराव, पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम; गिरफ्तारी नहीं होने पर धरने की चेतावनी
कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222

गदरपुर खबर रुद्रपुर। इंदिरा कॉलोनी गली नंबर-5 में 22 नवंबर को हुई अनिल प्रजापति की हत्या के मामले में एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद आरोपी पिता सुरेश प्रजापति की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली रुद्रपुर पहुंचकर पुलिस के समक्ष अपना आक्रोश जताया।
इस दौरान लोगों ने प्रभारी कोतवाल एवं एसएसआई महेश कांडपाल का घेराव कर उनसे वार्ता की और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। परिजनों का कहना है कि गंभीर घटना के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से उन्हें न्याय मिलने में देरी की चिंता सता रही है।
मामले को गंभीरता से उठाते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से दूरभाष पर वार्ता कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
ठुकराल ने कहा कि अपने ही पुत्र की हत्या के गंभीर आरोप में नामजद आरोपी का एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तार नहीं होना चिंताजनक है। पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह परिजनों और क्षेत्रवासियों के साथ कोतवाली रुद्रपुर में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष एवं विधानसभा मीडिया अध्यक्ष सुनील चुघ, संजय आइस, ललित सिंह बिष्ट, केरू मंडल, लीलावती, कमला रानी, मुस्कान, विक्की, संजीव, राधे, श्याम, ध्यान सिंह, ओम कुमारी, अशोक, अमन, नेहा, शिवानी, हर्षित, अंजू, अनुज, रोहित, मयंक, माही, आरुषि, अजय सहित बड़ी संख्या में परिजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।









