छठी मैया के जयकारों से गूंजे रुद्रपुर के घाट, विधायक शिव अरोरा ने व्रती महिलाओं के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को किया नमन
अटरिया पुल से झील लेक पैराडाइस तक विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे विधायक, श्रद्धालुओं को दी महापर्व की शुभकामनाएं
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। लोक आस्था, अटूट श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रुद्रपुर के विभिन्न छठ घाटों पर भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ पूजा स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने अटरिया पुल, धोबी घाट, प्रीत विहार शिव मंदिर, खेड़ा स्थित संतोषी माता मंदिर एवं झील लेक पैराडाइस में आयोजित छठ पूजा

कार्यक्रमों में सहभागिता की। विधायक ने छठ व्रती माताओं-बहनों से मुलाकात कर उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्यदेव की आराधना की।
विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, ठेकुआ एवं पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। परिवार के सदस्यों के साथ श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। छठी मैया के भजनों और लोकगीतों से घाटों पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि पूर्वांचल समाज में छठ महापर्व का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ-साथ त्याग, तपस्या, पवित्रता, पारिवारिक मंगलकामना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। छठ व्रती माताएं-बहनें कठिन निर्जला व्रत रखकर जिस श्रद्धा और समर्पण के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करती हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की जनता की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। छठ पूजा घाटों का निर्माण, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर विधानसभा के अधिकांश छठ घाटों पर निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर में छठ महापर्व के प्रति लोगों की श्रद्धा और उत्साह सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक विरासत की सुंदर मिसाल है।
उल्लेखनीय है कि छठ महापर्व के अगले दिन प्रातःकाल व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय इस पवित्र महापर्व का विधिवत समापन होगा।
इस दौरान दर्जा मंत्री सुरेश कोली, राधेश शर्मा, कुसुम शर्मा, दिवाकर पाण्डेय, रीतलाल, सुनील यादव, वीरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









