15 लाख रुपये की विधायक निधि से हुआ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, हजारों छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने धोबीघाट स्थित नवनिर्मित छठ घाट का विधिवत लोकार्पण कर उसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। विधायक ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर घाट का शुभारंभ किया। इस दौरान छठ पूजा कमेटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

विधायक निधि से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से छठ घाट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। इसके साथ ही छठ व्रती माताओं-बहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पानी की व्यवस्था के लिए बोरिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य भी कराए गए हैं। इससे छठ महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
गौरतलब है कि धोबीघाट रुद्रपुर विधानसभा का सबसे प्राचीन एवं प्रमुख छठ घाट माना जाता है। यहां प्रत्येक वर्ष पूर्वांचल समाज के हजारों श्रद्धालु छठी मईया की आराधना करते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाट का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा जा रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान छठ पूजा कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक शिव अरोरा को मंच पर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री सुरेश कोली, अधिवक्ता दिवाकर पाण्डेय, के.के. त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनके लिए यह संतोष और सौभाग्य का विषय है कि उन्हें छठी मईया की पूजा के लिए इस ऐतिहासिक घाट के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा, स्वच्छता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। छठी मईया की कृपा सभी पर बनी रहे और रुद्रपुर में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहें, यही उनकी कामना है।









