मोटरसाइकिल से शराब ले जा रहे थे दोनों आरोपी, गूलरभोज क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर । अवैध कच्ची शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत गदरपुर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में 26 अक्टूबर 2026 को गूलरभोज क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मुखत्यार सिंह पुत्र रूवैल सिंह, उम्र 51 वर्ष, निवासी कुईखेरी, गदरपुर तथा सूरज सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी पिक्चर हॉल कॉलोनी, गदरपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखी करीब 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके साथ ही शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK06BH7024 को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में मुकदमा संख्या 328/2026, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मेघा शर्मा, प्रभारी चौकी गूलरभोज, कांस्टेबल शान्त लाल, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार तथा कांस्टेबल रघुवर सिंह रावत शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








