(krishna varta gadarpur uttarakhand)
दिनेशपुर। माइनिंग सुपरवाइजर पर तलवार से हमला करने के पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पंतनगर क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने दिनेशपुर थाने में हत्या के प्रयास के मामले का खुलासा किया। सीओ ने बताया कि दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम ने मंगलवार को जयनगर रोड पर घेराबंदी कर आरोपी जतिन उर्फ जितेंद्र निवासी मालाफार्म, बेरियादौलत, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने साथियों रामपाल, देवेंद्र लाड़ी और गुरजिंदर के साथ मिलकर कालीनगर-जयनगर क्षेत्र में माइनिंग टीम के सुपरवाइजर हर्षवर्धन पर तलवार से जानलेवा हमला किया था।
वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदल-बदलकर फरार चल रहा था। न्यायालय से उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद एसएसपी ने उस पर पांच हजार का इनाम घोषित किया था। मंगलवार को आरोपी के जयनगर रोड पर देखे जाने की सटीक सूचना पर टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ केलाखेड़ा, गदरपुर और दिनेशपुर थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 8 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार, एसओजी प्रभारी सुनील सुतैड़ी, जयनगर चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह, आरक्षी महेंद्र सिंह, सूरज प्रकाश और एसओजी के भूपेंद्र आर्य शामिल रहे।






