



(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर। अवैध शराब के खिलाफ भले महिलाएं हंगामा और प्रदर्शन करती नजर आती हो, लेकिन यूएस नगर जिले में 43 महिलाओं के नाम से शराब की दुकानों के लिए आवेदन आए। कई जगह से एकल आवेदन आने पर महिलाओं के नाम पर अंग्रेजी शराब की दुकानें आवंटित भी हो गईं।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर के जिला सभागार में किच्छा एसडीएम गौरव पांडेय की अध्यक्षता में 24 देसी और 19 विदेशी शराब की दुकानों का आवंटन लाटरी सिस्टम से हुआ। दुकानों के लिए जिले से 259 आवेदन प्राप्त हुए। इसमें 157 अंग्रेजी व 102 देसी दुकानों के आवेदन शामिल रहे। आवेदन करने वालों में 216 पुरुष व 43 महिलाएं रहीं। प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र बिष्ट ने बताया कि जिन दुकानों पर केवल एक आवेदन मिला, उन्हें नियम के अनुसार लॉटरी से पहले आवंटित कर दिया गया। नौ आवेदन पत्रों में कमी होने पर उन्हें पूर्व में ही निरस्त कर दिया गया। सबसे अधिक 62 आवेदन बाजपुर में रामराज रोड, निकट मंडी के पास अंग्रेजी शराब के लिए आए। काशीपुर के चैती चौहारा में अंग्रेजी शराब के लिए 26 आवेदन प्राप्त हुए। जिले में 152 दुकानों के सापेक्ष प्रथम चरण में 132 दुकानों की व्यवस्था नवीनीकरण प्रक्रिया से हुई।
263 करोड़ रखा लक्ष्य
सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए जिले का राजस्व लक्ष्य 263 करोड़ रखा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में लक्ष्य 254 करोड़ था। इसके सापेक्ष 227 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। नवीनीकरण से यह लक्ष्य 36.42 करोड़ होकर 263 करोड़ पहुंच गया।
