Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

रुद्रपुर खबर शहर में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर मंगलवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिलासपुर मार्ग स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर सैकड़ों उपभोक्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकारकर किसी तरह जाम खुलवाया।
बताया जा रहा है कि कई दिनों से गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ता सुबह-सुबह ही लाइन में लग रहे थे, लेकिन मंगलवार को भी सिलेंडर नहीं मिलने पर उनका सब्र जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इसी दौरान सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। एजेंसी प्रबंधन से वार्ता में बताया गया कि जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 23 मार्च से एजेंसी पर सीधे सिलेंडर वितरण बंद कर होम डिलीवरी की व्यवस्था लागू की जा रही है। इस पर ठुकराल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए थी और जो लोग लाइन में लगे हैं, उन्हें तत्काल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
इसके बाद ठुकराल कलैक्ट्रेट पहुंचे और अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय व प्रभारी डीएसओ मलकीत सिंह से वार्ता कर उन्हें अपने साथ एजेंसी लेकर आए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और एजेंसी प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
बाद में अधिकारी काशीपुर बाईपास रोड स्थित इण्डेन गैस एजेंसी भी पहुंचे, जहां भारी भीड़ और अव्यवस्था को देखकर उन्होंने प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत गैस एजेंसी में लगभग 1000 सिलेंडर उपलब्ध हैं और 23 मार्च तक बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को जल्द आपूर्ति की जाएगी। वहीं इण्डेन गैस एजेंसी में करीब 510 सिलेंडर मौजूद हैं, जहां 17 से 19 मार्च तक की बुकिंग वालों को गैस दी जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि अब एजेंसियों पर सीधे वितरण नहीं होगा और केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही सिलेंडर दिए जाएंगे।
पूर्व विधायक ठुकराल ने उपभोक्ताओं से प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। वहीं उपभोक्ताओं ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल की है।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!