


34 परिवारों को राशन किट व वस्त्र वितरित, गुरु नानक स्कूल में प्रवेश पर विशेष छूट की घोषणाग

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर। होली, ईद और होला मोहल्ला के पावन अवसर पर सामाजिक सौहार्द और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए 34 जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को खाद्य सामग्री एवं वस्त्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन सिख मिशनरी कॉलेज लुधियाना की गदरपुर इकाई द्वारा गुरुद्वारा सिंह सभा गदरपुर परिसर में किया गया। कार्यक्रम समाजसेवी स. हरविंदर सिंह ग्रोवर एवं समाजसेवी लाल बादशाह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष स. नरेंद्र सिंह ग्रोवर और मोक्ष धाम सेवा समिति के अध्यक्ष विजय सुखीजा ने संयुक्त रूप से की। आयोजन का संचालन देवेंद्र सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि जागरूक नागरिकों के सहयोग से 34 परिवारों तक राशन किट और वस्त्र पहुंचाए गए, जिससे त्योहार की खुशियां जरूरतमंदों तक भी पहुंच सकें।
इस अवसर पर स. हरविंदर सिंह ग्रोवर ने सभी को होली, ईद और होला मोहल्ला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा ही सच्ची मानवता है। वहीं विजय सुखीजा ने समाज सेवा को सबसे बड़ा पुण्य बताते हुए सभी से जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सिलाई प्रशिक्षण में दक्ष सात बालिकाओं एवं प्रशिक्षकों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बेटियों के हुनर और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन मिला।
समापन अवसर पर गुरु नानक स्कूल के पूर्व प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने विद्यालय में चल रहे शैक्षिक व जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षण शुल्क में विशेष छूट प्रदान की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश गुरु नानक स्कूल में कराकर उन्हें बेहतर शिक्षा का अवसर दें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और समाजसेवी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सेवा, सौहार्द और भाईचारे की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

