



कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
9917322413
नितिन सिंह भदौरिया की सख्त चेतावनी: ओवरलोडिंग व तेज रफ्तार पर कड़ा शिकंजा, सड़क सुरक्षा में शिथिलता बर्दाश्त नहीं
रुद्रपुर, 21 फरवरी 2026 (सू0वि0) — जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर गंभीर मंथन करते हुए ठोस एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग को दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताते हुए परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख मार्गों एवं चेकपोस्टों पर नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही करने को कहा। एआरटीओ एवं एसपी क्राइम को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए, स्पीड मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए तथा प्रभावी चालान कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मदिरा पान कर वाहन चलाने की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने नियमित ब्रीथ एनालाइजर जांच अभियान संचालित करने और दोषियों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने पूर्व में संचालित सत्यापन अभियान को आगामी सोमवार से पुनः प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि व्यापक सत्यापन प्रक्रिया से अवांछित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी तथा अवैध अतिक्रमण जैसे मामलों में विधिक कार्रवाई संभव हो सकेगी। संबंधित विभागों को अभियान पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
आगामी होली एवं रमज़ान पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी समुदायों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित संवाद बनाए रखें, ताकि आपसी सौहार्द एवं शांति बनी रहे और त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों।
इसके अतिरिक्त अवैध शस्त्रों के उपयोग एवं दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने तथा लाइसेंसी शस्त्रों का समय-समय पर सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी उपजिलाधिकारियों को द्विपक्षीय भूमि विवादों का त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निस्तारण करने तथा अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सतत प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि सड़क सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय, एसपी क्राइम जितेन्द्र चौधरी, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह सहित अन्य उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से, सीओ प्रशांत कुमार, एआरटीओ मोहित कोठारी, प्रभारी खनन अधिकारी मनीष कुमार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

