




(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रूद्रपुर, खबर 01 अप्रैल 2026 (सू.वि.)
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैस डिलीवरी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि किसी उपभोक्ता के मोबाइल पर बिना सिलेंडर डिलीवर किए गैस डिलीवरी का गलत मैसेज भेजा गया तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एजेंसी प्रबंधकों से कहा कि गैस बुकिंग के बाद निर्धारित समय में ही होम डिलीवरी की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता को सीधे गोदाम या एजेंसी से सिलेंडर न दिया जाए। सभी उपभोक्ताओं को पारदर्शिता के साथ केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि घरेलू या व्यवसायिक गैस की कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी ने बताया कि जनपद में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी एजेंसियों को केवल होम डिलीवरी के माध्यम से गैस वितरण के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 31 मार्च तक जनपद में घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11,616, अवशेष 9,392 तथा व्यवसायिक गैस का वितरण 404 और अवशेष 1,366 है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रबंधक मौजूद रहे, जबकि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
— जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर
