Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुरउत्तराखंड)

(9917322413)

गदरपुर/क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अचानक पहुंचने से सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई, जिसके बाद राजनीतिक अटकलें और भी तेज हो गईं।
हालांकि मुलाकात के बाद विधायक अरविंद पांडे ने वार्ता के विषय पर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने सिर्फ इतना कहा, “प्रदेश अध्यक्ष हमारे नेता हैं, वे हमारे निवास पर आए, यह हमारा सौभाग्य है। हमने उनका स्वागत किया।”
वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भाई हमारे विधायक हैं, उनकी आवास पर आ गया।” उनके इस बयान ने सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में संभावित कैबिनेट विस्तार की अटकलों के बीच इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अरविंद पांडे का नाम लंबे समय से प्रदेश के दबंग और प्रभावशाली विधायकों में गिना जाता है। ऐसे में यह मुलाकात महज शिष्टाचार भेंट थी या फिर कोई बड़ा राजनीतिक संकेत—यह आने वाला समय ही बताएगा।
शहर और जिले भर में इस एक घंटे की ‘गोपनीय वार्ता’ को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। 86 हजार से अधिक मतदाताओं वाले क्षेत्र में भी यह मुलाकात चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है।
अब सबकी नजरें संभावित कैबिनेट विस्तार पर टिकी हैं। क्या इस मुलाकात के पीछे मंत्री पद को लेकर कोई रणनीति बनी? या यह संगठन और सरकार के बीच समन्वय का हिस्सा था?
फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं है, लेकिन इतना तय है कि इस मुलाकात ने सियासी तापमान जरूर बढ़ा दिया है।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!