



कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
9917322413
किच्छा । मलसा स्थित तुलसी धाम में आयोजित “तुलसी धाम महायज्ञ” में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस महायज्ञ में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा पहुंचे, जहां उन्होंने संतजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा यज्ञ में आहुति अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। आयोजकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
महायज्ञ के दौरान संत-महात्माओं ने धर्म, सेवा और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने कहा कि हमारी सनातन परंपराएं ही समाज को एकजुट रखने का आधार हैं। तुलसी धाम जैसे पावन स्थलों पर आयोजित महायज्ञ न केवल आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का समापन भंडारे एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

