




(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रुद्रपुर, खबर 18 मार्च 2026 (सू.वि.) – जनपद में आगामी 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में किसान प्रतिनिधियों, राइस मिलर्स और संबंधित क्रय एजेंसियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने सभी क्रय एजेंसियों को निर्देश दिए कि गेहूं क्रय केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर एक व्हाट्सएप नंबर प्रदर्शित किया जाएगा, जिस पर किसान अपनी समस्याएं मैसेज या वीडियो के माध्यम से साझा कर सकेंगे। प्रशासन द्वारा इन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में कुल 108 क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाद्य विभाग के 18, सहकारिता विभाग के 51, उत्तराखंड उपभोक्ता सहकारी संघ के 7, एनसीसीएफ के 15 तथा पीसीयू के 17 तोल कांटे लगाए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वारदाना (बोरी) उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही, सभी कार्यों को पूर्व नियोजित योजना के तहत समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि तोल कांटों का परीक्षण कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर स्थापित किया जाए तथा क्रय केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को पहले से ही पूरी जानकारी देकर जिम्मेदारी सौंपी जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विद्युत जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में आरएफसी सीएस मर्तोलिया, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के. यादव, मंडी सचिव, यूसीएफ, एनसीसीएफ, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, उत्तराखंड उपभोक्ता सहकारी संघ के अधिकारी, विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं राइस मिलर्स उपस्थित रहे।
— जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर
