



(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
दियूरी, खटीमा में होली मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, जनसमुदाय संग साझा की पर्व की खुशियां
दियूरी, खटीमा में होली मिलन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, जनसमुदाय संग साझा की पर्व की डिवाइन इंटरनेशनल स्कूल, दियूरी खटीमा में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह में जनसमुदाय ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली एवं थारू होली गायन में सहभागिता करते हुए स्थानीय लोगों के साथ रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के आधार हैं। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव, समरसता और भाईचारे का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि “खटीमा मेरा घर है और यहां की जनता मेरा परिवार है। अपने परिवारजनों के बीच आकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। जब मेरे बुजुर्ग मेरे सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देते हैं, तो वह मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य होता है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खटीमा को सर्वधर्म समभाव का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र ‘मिनी इंडिया’ की तरह है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग प्रेम, सौहार्द और एकजुटता के साथ रहते हैं तथा सभी पर्व-त्योहार मिलजुल कर मनाते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवेश के बीच भी पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना अत्यंत सराहनीय है। हम सबको मिलकर खटीमा, प्रदेश और देश की उन्नति के लिए कार्य करना होगा तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि भाईचारे और प्रेम के साथ एक-दूसरे को गले लगाकर होली का पर्व मनाएं और खटीमा को आदर्श क्षेत्र बनाने का संकल्प लें।
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे महोत्सव समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ होली खेली और सभी को सुख, शांति एवं समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

