Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

काशीपुर (संवाद सूत्र)। प्रदेश में घुसने वाले बदमाशों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस का शूटआउट एक्शन जारी है। हरिद्वार में ज्वैलरी लूटकांड में एक बदमाश के ढेर करने के बाद ऊध्मसिंहनगर में भी डकैती के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया है। जसपुर में सुनार को लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गया।बदमाश के पांव में गोली लगी है, जबकि मुठभेड़ में एक सिपाही के भी घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब दो बजे पुलिस टीम जसपुर में सूत मिल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिये। रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों नें पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई कई राउंड फायरिंग के चलते बदमाश भागकर गुलरगोजी के खेतों में घुस गए। इस दौरान पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लग गई जबकि दूसरा भाग निकला। घायल बदमाश को काशीपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही एसएसपी मणिकांत मिश्रा काशीपुर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के साथ ही बदमाश से पूछताछ भी की। घायल की पहचान दिलशाद के रूप में हुई है, जोकि शातिर किस्म का बदमाश है और जसपुर में हुई सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना में शामिल है। इससे पूर्व भी इस पर कई गम्भीर मुकदमें दर्ज हैं। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुआ है। गौरतलब है कि बीती 14 सितंबर को मौ. जुलाहान जसपुर निवासी संजीव कुमार वर्मा पुत्र राधेश्याम वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी रेहड़ बिजनौर में सुनार की दुकान है। 14 सितंबर को वह अपनी दुकान बंद कर बेटे के साथ जसपुर आ रहा था तो जैनेसिस तिराहे के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर व डराकर उनसे उनका बैग लूट लिया। बैग के अन्दर लगभग 20-25 ग्राम सोने की ज्वैलरी व लगभग 250 ग्राम चांदी का सामान पायल इत्यादि व 50,000 रुपये नगद थे। सुनार की तहरीर के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

Advertisement
Advertisement