
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
खटीमा (संवाद-सूत्र)। ऊधम सिंह नगर में लंबे समय से एएनएम के 47 रिक्त पदों के सापेक्ष शीघ्र ही 36 नई एएनएम की नियुक्ति हो सकती है। उत्तराखंड में एएनएम के 391 पदों के लिए पिछले दिनों देहरादून में हुई काउंसलिंग का परिणाम घोषित हो गया है।
जिले में एएनएम के 195 पद सृजित हैं। इन पदों के सापेक्ष वर्तमान में 148 एएनएम ही तैनात हैं जबकि 47 पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। एएनएम के पद रिक्त होने सेे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। खटीमा से लेकर जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, सितारगंज तक एएनएम की कमी से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है। गर्भवती और धात्री महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खटीमा के दूरस्थ गांवों की महिलाओं को उप जिला अस्पताल या फिर महंगे निजी अस्पताल में पहुंचना पड़ रहा है। रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए करीब दो माह पहले देहरादून में एएनएम की काउंसिलिंग की गई थी। इसका परिणाम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश में चयनित 391 एएनएम में से 36 एएनएम की तैनाती ऊधम सिंह नगर जिले में होने की संभावना है। इससे जिले में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। प्रदेश में एएनएम के 391 पदों के लिए देहरादून में हुई काउंसलिंग के परिणाम घोषित हो गए हैं। चयनित 36 एएनएम की तैनाती ऊधम सिंह नगर जिले में हो सकती है। इससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। -डाॅ. मनोज शर्मा, सीएमओ, ऊधम सिंह नगर