


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रूद्रपुर। ऊधम सिंह नगर की रुद्रपुर पुलिस ने प्रीत विहार (फाजलपुर महरौला) क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी जशनदीप सहित तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
बीती 28 दिसंबर 2025 को रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर गोलीबारी हुई थी। इस हिंसक झड़प के दौरान वहां काम कर रहे कार्तिक नामक एक मजदूर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की घेराबंदी की :
29 दिसंबर को मुख्य आरोपी जशनदीप उर्फ जशन को ब्लॉक रोड से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर की लाइसेंसी राइफल बरामद की गई।
30 दिसंबर को आरोपी शमशेर सिंह उर्फ शेरा को बगवाड़ा क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर कार और एक अवैध राइफल जब्त की।
फरार आरोपी तनवीर सिंह के विदेश भागने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी कराया। उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लेकर रुद्रपुर लाया गया, जहां उसकी निशानदेही पर एक अवैध पिस्टल बरामद हुई।
बढ़ीं मुश्किलें, शस्त्र अधिनियम की धाराएं शामिल
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद हथियारों के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जनपद की शांति व्यवस्था को भंग करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

